‘लस्ट स्टोरीज 3’ का ट्रेलर रिलीज, प्यार, चाहत और उलझे रिश्तों की चार नई कहानियां दिखाएगा एंथोलॉजी
-
By
Admin
Published - 09 September 2026 2 views
नेटफ्लिक्स की चर्चित एंथोलॉजी फिल्म फ्रेंचाइजी ‘लस्ट स्टोरीज 3’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट हो चुकी इस फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त में प्यार, रिश्तों, चाहत और इंसानी भावनाओं की चार अलग-अलग कहानियां देखने को मिलेंगी। इस बार फिल्म को चार मशहूर निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज ने निर्देशित किया है। फिल्म में कई दमदार कलाकार नजर आएंगे। इसकी स्टारकास्ट में राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, अदिति राव हैदरी, राधिका मदान, सना थंपी, विजय वर्मा, अभिषेक बनर्जी, सिद्धार्थ, अली फजल और गुरफतेह पीरजादा जैसे कलाकार शामिल हैं। ट्रेलर में चार अलग-अलग कहानियों की झलक दिखाई गई है। हर कहानी का अपना अंदाज, टोन और ट्विस्ट है, लेकिन सभी कहानियां प्यार, रिश्तों और इच्छाओं के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाती हैं। फिल्म में किरदारों के बीच की नजदीकियां, भावनात्मक उलझनें, अचानक लिए गए फैसले और उनके अप्रत्याशित नतीजे देखने को मिलेंगे। विक्रमादित्य मोटवाने ने फिल्म में अपने अनुभव को लेकर कहा कि उन्हें यह तलाशना दिलचस्प लगा कि जब रोजमर्रा की जिंदगी का आराम किसी अनजान या अप्रत्याशित चाहत से टकराता है तो क्या होता है। उन्होंने बताया कि इस कहानी के जरिए उन्होंने गर्मजोशी, हास्य और थोड़ी अनिश्चितता के साथ उस स्थिति को एक्सप्लोर किया है। वहीं किरण राव ने कहा कि उन्हें इस बात में दिलचस्पी थी कि आकर्षण की पहली चिंगारी कब एक जटिल स्थिति में बदल जाती है। उनके मुताबिक चाहत इंसान को ऐसे फैसले लेने के लिए प्रेरित कर सकती है, जिन्हें वह आमतौर पर नहीं लेता। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों के लिए यह सफर मजेदार और अप्रत्याशित होगा। शकुन बत्रा ने कहा कि उनके लिए सबसे दिलचस्प रिश्ते वो होते हैं, जहां लोग खुद भी अपनी भावनाओं को ठीक से समझ नहीं पाते। प्यार, असुरक्षा, आकर्षण और निराशा एक साथ मौजूद हो सकते हैं। उन्होंने इसी भावनात्मक उलझन को बिना किसी जजमेंट के कहानी में दिखाने की कोशिश की है। उवहीं विशाल भारद्वाज ने कहा कि उन्हें हमेशा यह बात आकर्षित करती है कि चाहत किस तरह इंसान की कल्पना और उन कहानियों से जुड़ी होती है, जो हम खुद से कहते हैं। उनकी कहानी एक ऐसे किरदार की यात्रा दिखाती है, जो अपनी आवाज खोजता है और फिर देखता है कि जब उसकी आवाज दूसरों तक पहुंचती है तो क्या होता है।‘लस्ट स्टोरीज 3’ में चारों निर्देशकों की अलग-अलग फिल्ममेकिंग स्टाइल देखने को मिलेगी। फिल्म प्यार और रिश्तों की खूबसूरती के साथ-साथ उनकी जटिलताओं और भावनात्मक उतार-चढ़ाव को भी सामने लाएगी। इसमें रोमांस और ह्यूमर के साथ कई गंभीर और संवेदनशील पहलुओं को भी छुआ गया है। फिल्म का ट्रेलर अब दर्शकों के बीच आ चुका है। ‘लस्ट स्टोरीज 3’ का प्रीमियर 18 सितंबर 2026 को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर होगा।
सम्बंधित खबरें
-
देश भर के दर्शकों से मिली भारी तारीफ के बीच, हनुमान अंश की पूरी टीम, जिसमें डायरेक्टर विशाल चतुर्वेद
-
मेघना गुलजार की अपकमिंग क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है।