दायरा’ से उठे सवालों को मिली आवाज, ‘सच का दायरा’ गाने का टीजर रिलीज
-
By
Admin
Published - 09 September 2026 2 views
मेघना गुलजार की अपकमिंग क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है। फिल्म के गाने ‘सच का दायरा’ का टीजर जारी कर दिया गया है। इससे पहले गाने के पोस्टर में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की झलक देखने को मिली थी और अब टीजर ने फिल्म की कहानी से जुड़े रहस्य को और गहरा कर दिया है। ‘सच का दायरा’ के टीजर में मशहूर गीतकार गुलजार की आवाज सुनाई देती है। उनकी आवाज और शब्द फिल्म की कहानी में मौजूद अपराध, भावनाओं और अनसुलझे सवालों की तरफ इशारा करते हैं। टीजर से साफ है कि कहानी सिर्फ सच और झूठ के बीच फर्क तलाशने तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके बीच छिपी कई परतों को भी सामने लाने वाली है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी ‘दायरा’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी एक जटिल अपराध को दो अलग-अलग नजरियों से सामने लाती है, जहां किरदारों की सोच, भावनाएं और सच को देखने का उनका तरीका कहानी में कई नए सवाल खड़े करता है।‘राजी’, ‘तलवार’ और ‘सैम बहादुर’ जैसी फिल्मों के जरिए अपनी खास कहानी कहने की शैली के लिए पहचानी जाने वाली मेघना गुलजार इस बार संगीत के जरिए भी फिल्म की भावनात्मक दुनिया को मजबूत करती नजर आ रही हैं। ‘सच का दायरा’ फिल्म की कहानी से जुड़ा एक अहम हिस्सा है, जो इसके भीतर चल रही बेचौनी और अनिश्चितता को आवाज देने का काम करता है। गाने को गुलजार ने लिखा है, जबकि अमित त्रिवेदी ने इसका संगीत तैयार किया है और बी प्राक ने अपनी आवाज दी है। इन तीनों की मौजूदगी गाने को एक अलग भावनात्मक रंग देती है। टीजर में फिल्म की गंभीर और रहस्यमयी दुनिया की झलक के साथ गुलजार की आवाज कहानी के केंद्रीय सवालों को और प्रभावशाली बनाती है। ‘सच का दायरा’ को महज एक फिल्मी गाने के तौर पर नहीं, बल्कि ‘दायरा’ की कहानी का हिस्सा बताया जा रहा है। गाने के टीजर ने फिल्म के किरदारों रमन और अजूनी की कहानी को लेकर दर्शकों की जिज्ञासा और बढ़ा दी है। टाइम्स म्यूजिक की शाखा जंगली म्यूजिक द्वारा प्रस्तुत ‘दायरा’ को जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतिलाल गड़ा के पेन स्टूडियोज ने बनाया है, जबकि पेन मरुधर फिल्म को वितरित कर रहा है। ‘दायरा’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सम्बंधित खबरें
-
देश भर के दर्शकों से मिली भारी तारीफ के बीच, हनुमान अंश की पूरी टीम, जिसमें डायरेक्टर विशाल चतुर्वेद
-
मेघना गुलजार की अपकमिंग क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है।