निवेश के नाम पर 44 लाख ठगे,टेलीग्राम और वॉट्सऐप के जरिए जाल में फंसाया
-
By
Admin
Published - 20 July 2026 16 views
नोएडा में साइबर ठगों ने क्रिप्टोकरेंसी और विदेशी शेयर बाजार में निवेश के नाम पर महिला समेत दो लोगों से करीब 44 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने टेलीग्राम और वॉट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर कम समय में दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। रकम ट्रांसफर होने के बाद उन्होंने पीड़ितों से संपर्क तोड़ लिया। दोनों मामलों में शिकायत मिलने पर साइबर थाने में रविवार को मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-107 स्थित लोटस-300 सोसायटी निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। 17 जुलाई 2025 को उन्हें टेलीग्राम पर वर्क फ्रॉम होम और क्रिप्टोकरेंसी निवेश से जुड़े एक समूह में जोड़ा गया। ग्रुप में मौजूद लोगों ने खुद को निवेश कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कम समय में अच्छा मुनाफा मिलने का दावा किया। रोजाना मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा कर उनका भरोसा जीता गया। आरोपियों ने ऐसा माहौल बनाया कि यदि आगे निवेश नहीं किया तो पहले लगाया गया पैसा भी डूब जाएगा। झांसे में आकर महिला ने अलग-अलग किस्तों में 20 लाख 92 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने और पैसे जमा करने की मांग शुरू कर दी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी स्थित गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू-1 सोसायटी निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि पिछले वर्ष वॉट्सऐप पर संपर्क कर ठगों ने विदेशी शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उनकी बातों में आकर पीड़ित ने अपने बैंक खाते से अलग-अलग खातों में 23 लाख 6 हजार 732 रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने उनसे संपर्क समाप्त कर दिया। दोनों पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन की जांच कर आरोपियों की पहचान में जुटी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप पर मिलने वाले निवेश के आकर्षक प्रस्तावों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें।
सम्बंधित खबरें
-
राजधानी लखनऊ के कैसरबाग थाना क्षेत्र में रविवार रात 1 बजे रतन स्क्वायर के पास एक युवक ने गोली
-
नोएडा पुलिस ने मंगलवार शाम चार बजे 13 लाख का 64 किलो गांजा और 10 लाख की स्मैक पकड़ी है। थाना फे
-
ग्रेटर नोएडा की थाना इकोटेक प्रथम पुलिस ने एक शातिर दोपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की न
-
नोएडा में साइबर ठगों ने क्रिप्टोकरेंसी और विदेशी शेयर बाजार में निवेश के नाम पर महिला समेत दो लोगों
-
नोएडा में साइबर ठगों ने दो अलग-अलग मामलों में करीब 33 लाख रुपये की ठगी कर ली। एक मामले में शेय