जेवर में 1,219 करोड़ रुपये से लग रहा सीएनएच का ट्रैक्टर विनिर्माण संयंत्र, 1,200 लोगों को मिलेगा रोजगार
-
By
Admin
Published - 13 November 2026 22 views
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के निर्माण के साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यीडा क्षेत्र उत्तर भारत के प्रमुख औद्योगिक निवेश केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक क्लस्टरों के विकास और निवेश अनुकूल नीतियों के परिणामस्वरूप यहां बड़े औद्योगिक निवेश धरातल पर उतर रहे हैं। इसी क्रम में यीडा के सेक्टर-8 डी में सीएनएच द्वारा ट्रैक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए प्राधिकरण ने कंपनी को 100 एकड़ भूमि आवंटित की है। इस परियोजना में 1,219 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जबकि इसके माध्यम से करीब 1,200 लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। गुरुवार को संयंत्र निर्माण के लिए भूमिपूजन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लखनऊ से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से सम्मिलित हुए। परियोजना उत्तर प्रदेश में कृषि मशीनरी और ट्रैक्टर विनिर्माण क्षेत्र को नई मजबूती देने के साथ प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विनिर्माण से जुड़ी सहायक इकाइयों, कलपुर्जा आपूर्तिकर्ताओं, लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवाओं के विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।सीएनएच की यह इकाई भारत की विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करने और उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। यमुना प्राधिकरण में एयरपोर्ट की स्थापना को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने मास्टर प्लान में औद्योगिक निवेश को केंद्र में रखकर अनुमोदन प्रदान किया था। यमुना प्राधिकरण ने इन्वेस्ट यूपी की अनुशंसा और औद्योगिक निवेश, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश एफडीआई तथा फॉर्च्यून-500 कंपनियों से संबंधित नीतियों के अनुरूप औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित की है। इसका उद्देश्य बड़े निवेशकों को अनुकूल औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराना, उत्पादन गतिविधियों का विस्तार करना और प्रदेश में रोजगार के नए अवसर तैयार करना है। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक विकास का दायरा केवल ट्रैक्टर विनिर्माण तक सीमित नहीं है। यहां उत्तर भारत की प्रमुख एचसीएल-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर चिप निर्माण परियोजना स्थापित हो रही है। यीडा क्षेत्र में अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क और डेटा सेंटर पार्क जैसे विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की स्थापना यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण आधार बन रही है।
सम्बंधित खबरें
-
घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार खरीदारी और विदेशी निवेशकों की लिवाली के दम पर शुक्रवार को दिन के कारोब
-
वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और घरेलू स्तर पर मुनाफावसूली के दबाव में स्थानीय शेयर बाजार दो का
-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र बना
-
भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बुधवार को तेजी के साथ हुई। मुख्य सूचकांक सेंसेक्स 1,142.03 अंक या
-
देश में वाहनों की खुदरा बिक्री अक्टूबर में सालाना आधार पर 23.8 प्रतिशत घटकर 31.72 लाख से अधिक